उड़ाता था बाइक, फाइनेंस की जब्त गाड़ी बताकर बेचता था

निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद

लखनऊ। राजधानी में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर आरोपी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। विभूतिखण्ड पुलिस और पूर्वी जोन की क्राइम/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय वाहन चोर मो. तावस उर्फ चाँद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से लखनऊ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के 10 मामलों का खुलासा हुआ है। एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि गोमतीनगर के विवेकखण्ड निवासी ऋषभ देवरा की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल गत पांच अक्टूबर को पिकअप भवन के पास से चोरी हो गई थी।

मामले में विभूतिखण्ड थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और पुराने मामलों की पड़ताल शुरू की। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर गत 23 अक्टूबर को दुबग्गा क्षेत्र के नया पार्क से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में घूमकर खास तौर पर हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों की रेकी करता था। मौका मिलते ही मास्टर चाबी से लॉक खोलकर बाइक चोरी कर लेता और फिर दूसरे जनपदों के लोगों को इन्हें फाइनेंस कंपनी द्वारा जब्त की गई गाड़ियां बताकर सस्ते दामों में बेच देता था।

पुलिस के अनुसार, बरामद 10 मोटरसाइकिलों में से आठ लखनऊ के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की पाई गई हैं, जबकि दो अन्य वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।गिरफ्तार आरोपी मो. तावस उर्फ चाँद, निवासी ग्राम कंडेला, थाना कैसरगंज, जनपद बहराइच का रहने वाला है। पुलिस ने मूल मुकदमे में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button