हत्या के मामले में पति, सास-ससुर को भेजा जेल

पति, सास ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ बंथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज

लखनऊ।  बंथरा इलाके में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को पति, ससुर और सास को गिरफ्तार कर लिया। ज्ञात हो कि बीते बुधवार को बंथरा के लोनहा निवासी अतुल शर्मा की पत्नी स्मिता शर्मा उर्फ निधि (25) की मौत हो गई थी। उसका शव संदिग्ध हालत में कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला था। इस मामले में मृतका के भाई उन्नाव के हसनगंज थानान्तर्गत बालगोविंदखेड़ा मजरा रामपुर अखौली निवासी अजय कुमार ने गत 21 अक्टूबर को मृतका स्मिता के पति, सास ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ बंथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

उसकी बहन को उसके ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे और उन्होंने ही उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में दो पुलिस टीमें गठित की गईं। बाद में पुलिस ने मुखबिर व अन्य साक्ष्यों की मदद से शुक्रवार को मृतका के पति अतुल शर्मा और सास नीलम व ससुर अशोक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उनसे पूछताछ कर तीनों को जेल भेज दिया गया, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button